http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 15 फ़रवरी, 2006 को 08:35 GMT तक के समाचार

हिंसक प्रदर्शन में तीन मारे गए

पाकिस्तान में पैंगंबर मोहम्मद के कार्टूनों के विरोध में जारी प्रदर्शनों के दौरान बुधवार को भी हिंसक घटनाएँ हुई हैं जिनमें तीन लोग मारे गए हैं और सौ से ज़्यादा घायल हुए हैं.

पुलिस का कहना है कि सूबा सरहद में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने पेशावर और अन्य शहरों में दुकानों और बैंकों पर अपना गुस्सा निकाला है.

पाकिस्तान में जारी हिंसक प्रदर्शनों की तस्वीरें

उधर पंजाब प्रांत में सरकार ने प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया है.

मंगलवार को पंजाब प्रांत में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान पंजाब असेंबली, अमरीकी रेस्तरां, बैंकों समेत कई इमारतों को निशाना बनाया गया था और दो लोग मारे गए थे जबकि लगभग चालीस लोग घायल हुए थे.

पूरे दिन लाहौर में प्रदर्शन, हिंसा और पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें होती रहीं.

पेशावर, टांक में हिंसा

इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता ज़फ़र अब्बास का कहना है कि विरोध प्रदर्शन अब भी ज़ोरों पर हैं और देश के कई हिस्सों में फैलते जा रहे हैं.

बुधवार को अधिकारियों के अनुसार धार्मिक दलों से संबंधित सैकड़ों सदस्यों ने पेशावर में पश्चिमी देशों की निंदा की और माँग उठाई कि पाकिस्तान में डेनमार्क के राजदूत को देश से निकाल दिया जाए.

शहर के बीचोंबीच हो रहे प्रदर्शनों के दौरान कुछ व्यवसायिक इमारतों को निशाना बनाना शुरु किया और नॉर्वे की एक मोबाइल कंपनी के दफ़्तर को विशेष तौर पर निशाना बनाया गया.

इसके बाद पुलिस हरकत में आई और उसने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया.

वहाँ प्रदर्शनकारियों ने हवा में गोलियाँ चलाईं जिसके दौरान एक बच्चे की मौत हो गई. एक अन्य व्यक्ति तब मारा गया जब बिजली का तार उस पर गिरा.

ईरान की सीमा से सटे हुए टांक नगर में तब हिंसा भड़की जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दुकानों और व्यवसायिक संस्थानों को बलपूर्वक बंद करवाए जाने पर प्रदर्शनकारियों को रोका.

जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने गोलियाँ चलानी शुरु कर दीं तो एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. वीडियों और सीडी बेचने वाली बीस दुकानों को भी आग लगा दी गई.

पंजाब समेत पाकिस्तान के कई शहरों में बड़े प्रदर्शन हुए हैं और लाहौर में छात्रों के एक प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में पंजाब विश्वविद्यालय का एक कर्मचारी मारा गया है.

दूसरी ओर इस्लामाबाद में कूटनयिकों और दूतावासों को निशाना बनाने की मंगलवार को हुई कोशिश के बाद वहाँ सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.