सोमवार, 13 फ़रवरी, 2006 को 02:51 GMT तक के समाचार
चर्चित चित्रकार एमएफ़ हुसैन की एक नई पेंटिंग का विरोध करने के लिए अहमदाबाद में एक हिंदू संगठन के लोगों ने एक कलादीर्घा में तोड़फोड़ की है.
माना जा रहा था कि इस कलादीर्घा में एमएफ़ हुसैन की कुछ पेंटिंग भी रखी हुई हैं लेकिन कलादीर्घा के संचालकों का कहना है कि वहाँ कोई पेंटिंग नहीं है.
बताया गया है कि कलादीर्घा में बाहर से तोड़फोड़ की गई है लेकिन भीतर कोई नुक़सान नहीं पहुँचा है.
उल्लेखनीय है कि एमएफ़ हुसैन की हाल ही में बनाई गई 'भारत माता' की एक पेंटिंग का हिंदूवादी संगठनों ने विरोध किया था और इसके बाद हुसैन ने जनता से माफ़ी भी माँग ली थी.
आरोप था कि इस पेंटिंग में 'भारत माता' को बिना वस्त्रों के चित्रित किया गया था.
अहमदाबाद से बीबीसी संवाददाता राजीव खन्ना ने ख़बर दी है कि उन्हें हिंदू स्वाभिमान सेना नाम के संगठन की ओर से फ़ोन पर सुबह सूचना दी गई कि हुसैन की एक पेंटिंग का विरोध करने के लिए तोड़फोड़ की है.
अहमदाबाद की गुफ़ा नाम की इस गैलरी में तोड़फोड़ सुबह 4.30 बजे की गई है. घटना स्थल से संवाददाताओं ने ख़बर दी है कि दरवाज़े और छत पर लगे काँच में तोड़फोड़ की गई है.
ये गैलरी बीवी दोषी नाम के एक वास्तुविद ने बनाई है लेकिन इसे एक संस्था चलाती है.
बीवी दोषी को इस घटना की जानकारी संवाददातओं से मिली और वे इस तोड़फोड़ में हुए नुक़सान से वाकिफ़ भी नहीं हैं.
दोषी का कहना है कि इस गैलरी को एक शिक्षण संस्था चलाती है और इसका हुसैन से कोई लेना देना नहीं है.
इस गैलरी में एक पेंटिंग के विवाद को लेकर 1996 में भी कुछ लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की थी.
इसके बाद से ये गैलरी बंद थी लेकिन पिछले हफ़्ते ही इसे फिर शुरु किया गया था.