http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 08 फ़रवरी, 2006 को 15:13 GMT तक के समाचार

नेपाल में माओवादियों ने हड़ताल वापस ली

नेपाल की माओवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा है कि वो नेपाल में पिछले चार दिनों से जारी हड़ताल वापस ले रही है.

नेपाल में माओवादियों के आह्वान पर सप्ताह भर की हड़ताल बुलाई गई थी.

माओवादी नेता प्रचंड ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा है कि मुख्य राजनीतिक पार्टियों और मानवाधिकार संगठनों के आह्वान के बाद हड़ताल वापस लेने का फ़ैसला किया गया है.

नेपाल में मतदान संपन्न, लोगों की हिस्सेदारी कम

हड़ताल का मकसद नेपाल में बुधवार को स्थानीय चुनाव में बाधा डालना बताया गया था.

माओवादी नेता प्रचंड ने कहा है कि बुधवार के चुनाव में बाधा डालने का मकसद पूरा हो गया है.

हड़ताल वापस लेने के फ़ैसले के बारे में कई मानवाधिकार संगठनों को एक एक ई-मेल मिला था.

इस ई-मेल में माओवादी नेता प्रचंड और माओवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव बाबूराम भट्टाराई के हस्ताक्षर थे.

इस बीच नेपाल में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान ख़त्म हो गया है.

ये चुनाव माओवादियों और प्रमुख राजनीतिक दलों के बहिष्कार के बीच ही हुए.

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार मतदान में काफ़ी कम लोगों ने हिस्सा लिया.

माओवादी हिंसा की छाया में हुए इस चुनाव में आधे से ज़्यादा सीटों पर कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं हुआ था.