बुधवार, 08 फ़रवरी, 2006 को 12:52 GMT तक के समाचार
समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी के कारण पहले संसदीय दल से निकाले गए राज बब्बर को पार्टी से भी निलंबित कर दिया गया.
मंगलवार को ही आगरा से सांसद राज बब्बर को संसदीय दल से निलंबित किया गया था. उनके ख़िलाफ़ पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए पार्टी ने उनके ख़िलाफ़ मामले की जाँच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाई है.
राज बब्बर ने मंगलवार को कहा था कि वे सड़क पर उतरने को तैयार हैं. मंगलवार को वे कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं से मिले थे. बुधवार को पार्टी से निलंबित होने के बाद भी राज बब्बर वामपंथी नेताओं से मिले.
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से आगरा से समाजवादी पार्टी (एसपी) सांसद राज बब्बर ने अमर सिंह के ख़िलाफ़ मोर्चा खोलते हुए कहा था कि अमर सिंह पार्टी को नुक़सान पहुँचा रहे हैं.
उन्होंने सार्वजनिक रुप से अमर सिंह की पार्टी के लिए उपयोगिता पूछते हुए आरोप लगाया था कि वे मुलायम सिंह को कार्यकर्ताओं से दूर कर रहे हैं और पार्टी में कार्पोरेट समाजवाद ला रहे हैं.
इनकार
इस तरह के बयानों के बाद राज बब्बर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अपेक्षा की ही जा रही थी. उन्होंने ख़ुद इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया था.
मंगलवार को पार्टी संसदीय दल ने नेता रामगोपाल यादव ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए उन्हें संसदीय दल से निलंबित करने की सूचना दी थी.
उन्होंने अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि पार्टी के मुख्य सचेतक मोहन सिंह की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है जो इस मामले की जाँच करेगी.
उस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज बब्बर ने कहा था, "समाजवादी पार्टी ने मुझे संसदीय मामलों से हटाकर सड़क पर उतरने का आदेश दिया है और मैं इसे ख़ुशी से स्वीकार करता हूँ."
उन्होंने कहा है कि वे इस जाँच में पूरा सहयोग देंगे.
राज बब्बर पहले राज्य सभा के सदस्य थे लेकिन 1999 में उन्होंने आगरा से चुनाव लड़ा और फिर 2004 में दूसरी बार चुनाव लड़कर चौदहवीं लोकसभा के सदस्य बने.