मंगलवार, 07 फ़रवरी, 2006 को 16:04 GMT तक के समाचार
नेपाल सरकार ने सुरक्षाबलों को आदेश दिए हैं कि बुधवार को होनेवाले स्थानीय चुनाव में गड़बड़ी करनेवालों के ख़िलाफ़ वे कड़ी कार्रवाई करें.
नेपाल के गृहमंत्री कमल थापा ने पत्रकारों को बताया कि मतदान में बाधा डालनेवालों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं.
माओवादी विद्रोहियों और विपक्षी दलों ने म्युनिसिपल चुनाव नहीं होने देने की धमकी दी है जिसके बाद नेपाल सरकार ने ये क़दम उठाया है.
चुनाव से पहले नेपाल में दो प्रत्याशियों की हत्या भी हो चुकी है.
नेपाल में सरकार ने देखते ही गोली मारने के आदेश ऐसे दिन जारी किए हैं जब नेपाल के वरिष्ठ माओवादी नेता प्रचंड ने सरकार के साथ बिना शर्त बातचीत का प्रस्ताव दोहराया है.
सरकार का कहना है कि म्युनिसिपल चुनावों से अगले वर्ष संसदीय चुनाव का रास्ता खुलेगा.
नेपाल में पिछले तीन वर्ष से स्थानीय और राष्ट्रीय चुनाव लंबित हैं.
माओवादी विद्रोहियों के संघर्ष के कारण ये चुनाव नहीं कराए जा सके हैं.
मगर विद्रोही और विपक्षी दल ये कहते हुए चुनाव का विरोध कर रहे हैं कि दरअसल इन चुनावों के माध्यम से नेपाल नरेश सत्ता पर अपनी पकड़ को मज़बूत करना चाह रहे हैं.