http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 07 फ़रवरी, 2006 को 09:24 GMT तक के समाचार

कंधार धमाके में 14 लोगों की मौत

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी शहर कंधार में मंगलवार को एक शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ है जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और अनेक घायल हो गए.

अधिकारियों ने बताया है कि बम विस्फोट कंधार में प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के बाहर हुआ. स्थानीय लोगों ने कहा है कि इस पुलिस मुख्यालय के आसपास भारी सुरक्षा रहती है.

आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों में सैन्यकर्मी और असैनिक शामिल हैं.

प्रवक्ता के अनुसार यह एक आत्मघाती हमला हो सकता है जो मोटरसाइकिल के ज़रिए किया गया.

संवाददाताओं का कहना है कि इस तरह की हिंसा, जिसमें आत्मघाती बम धमाके भी शामिल हैं, दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में बहुत आम बात होती जा रही है.

पिछले सप्ताह दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में सरकारी सुरक्षा बलों और तालेबान लड़ाकों के बीच लड़ाई में 25 लोगों की मौत हुई थी.

हिंसक घटनाओं में यह तेज़ी ऐसे समय में आई है जब अमरीका दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में सुरक्षा की ज़िम्मेदारी नैटो सेनाओं को सौंपने की तैयारी कर रहा है.

साल 2005 में दक्षिणी और पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में हिंसक घटनाओं में 1400 लोगों की मौत हुई थी.

2001 में अफ़ग़ानिस्तान पर अमरीकी नेतृत्व वाले गठबंधन के हमले के बाद से साल 2005 सबसे हिंसक वर्ष रहा है.