http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 03 फ़रवरी, 2006 को 12:51 GMT तक के समाचार

नेपाल में एक और उम्मीदवार की हत्या

नेपाल प्रशासन का कहना है कि स्थानीय निकायों का चुनाव लड़ने वाले एक उम्मीदवार की माओवादी विद्रोहियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है.

नेपाल सदभावना पार्टी के त्रिबेनी माझी को दो लोगों ने पूर्वी नेपाल के बिराटनगर में उनके घर पर गोली मारी.

उनकी शुक्रवार को मृत्यु हो गई. माझी दूसरे उम्मीदवार हैं जिनकी अगले सप्ताह होने वाले स्थानीय निकायों के चुनाव से पहले माओवादियों ने हत्या की है.

नेपाल में माओवादी विद्रोही और राजनीतिक मुख्यधारा में शामिल सात दल इस चुनाव का विरोध कर रहे हैं.

माओवादी विद्रोहियों ने धमकी दी है कि वे चुनाव में बाधा डालेंगे.

उधर पूर्वी नेपाल के मोरांग ज़िले में हुए एक धमाके में सात बच्चे घायल हो गए हैं.

अधिकारियों के अनुसार बच्चे एक पुल को पार कर रहे थे जब धमाका हुआ.

सुरक्षा अधिकरारियों का मानना है कि माओवादी विद्रोहियों ने ये धमाका किया लेकिन किसी ने इसके लिए ज़िम्मेदारी नहीं ली है.