शुक्रवार, 03 फ़रवरी, 2006 को 13:05 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में हिलमंद प्रांत में तालेबान विद्रोहियों और अफ़ग़ान सैनिकों के बीच हुई मुठभेड़ में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है.
हिलमंद के डिप्टी गर्वनर ने बीबीसी को बताया कि एक समय तो क़रीब 100 अफ़ग़ान सैनिकों को 200 से अधिक तालेबान विद्रोहियों ने घेर लिया था.
इसके बाद बड़ी संख्या में अफ़ग़ान सैनिक वहाँ पहुँचे तभी जाकर तालेबान का घेरा तोड़ा जा सका.
अमरीकी सेना के एक प्रवक्ता ने काबुल में बताया कि अमरीकी विमानों ने भी अफ़ग़ान सैनिकों की मदद की.
डिप्टी गवर्नर हाजी मुल्ला मीर ने कहा कि अब तक मिली सूचना के अनुसार 16 तालेबान लड़ाके और तीन सैनिक मारे गए हैं.
कंधार से बीबीसी के संवाददाता पॉल वुड का कहना है कि पिछले दो वर्षों में अफ़ग़ान सैनिकों और तालेबान के बीच यह सबसे ज़ोरदार लड़ाई है.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जबकि ब्रिटेन ने अपने 3300 सैनिकों को हिलमंद में तैनात करने की घोषणा की है ताकि पुनर्निर्माण का काम सुचारू रूप से चल सके.
मुल्ला मीर ने कहा कि अफ़ग़ान सैनिक वहाँ से पीछे हट गए हैं क्योंकि लड़ाई जारी रहने पर स्थानीय नागरिकों के निशाना बनने का ख़तरा था.
कुछ ही दिनों पहले एक अफ़ग़ान राहतकर्मी को हिलमंद में तालेबान छापामारों ने मार डाला था.