http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 31 जनवरी, 2006 को 12:39 GMT तक के समाचार

सहायता प्रयास बढ़ाने का आहवान

अफ़ग़ानिस्तान में अगले पाँच सालों में विकास की नई योजनाओं पर विचार करने के लिए लंदन में दानदाता देशों का एक अहम सम्मेलन हो रहा है जिसमें साठ से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.

सम्मेलन में भाग लेने वाले दान दाता देशों के प्रतिनिधियों का आहवान किया गया है कि वे अफ़ग़ानिस्तान के पुनर्निर्माण के लिए अपने प्रयास तेज़ करें.

अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इसके साथ एक नया अध्याय शुरू हो रहा है लेकिन अभी लंबा रास्ता तय करना है.

अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने कहा कि राष्ट्रपति जॉर्ज बुश कांग्रेस से कहेंगे कि वह अफ़ग़ानिस्तान में सहायता कार्यों के लिए एक अरब डॉलर से ज़्यादा राशि दे.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की मदद करना सिर्फ़ अफ़ग़ानियों के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि पूरी दुनिया के लिए अहम है.

इस सम्मेलन में अफ़ग़ानिस्तान के पुनर्निर्माण, सुरक्षा, आर्थिक विकास और मानवाधिकारों की पाँच साल की योजना को मंज़ूरी दी जानी है. इस योजना के तहत नशीले पदार्थों के व्यापार का भी मुक़ाबला किया जाना है.

हालाँकि अफ़ग़ानिस्तान में चुनाव हो गए हैं लेकिन अब भी चिंता का मुख्य विषय सुरक्षा, ग़रीबी और नशीली दवाओं की तस्करी ही है.

एक बड़े प्रतिनिधि मंडल के साथ लंदन पहुँचे अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने कहा है कि अभी आने वाले कुछ समय तक उनके देश को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहायता की ज़रुरत है.

इस सम्मेलन का आयोजन अफ़ग़ानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र ने मिलकर किया है.

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब नैटो ने अफ़ग़ानिस्तान में अपने सैन्य शक्ति के विस्तार की योजना बनाई है और वहाँ छह हज़ार और सैनिक भेजे जा रहे हैं.