सोमवार, 30 जनवरी, 2006 को 20:17 GMT तक के समाचार
अल क़ायदा में प्रमुख नेता अयमन अल ज़वाहिरी एक वीडियो टेप में नज़र आए हैं.
इसमें उन्होंने पाकिस्तान में उनको निशाना बना कर किए हमले के लिए अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की खिल्ली उड़ाई है.
यह टेप अरबी चैनल अल जज़ीरा पर दिखाया गया है. इसमें उन्होंने राष्ट्रपति बुश को 'क़साई' कहा है.
उन्होंने राष्ट्रपति बुश से सवाल पूछा है,'' क्या आप जानना चाहते हैं कि मैं कहाँ हूँ? मैं मुस्लिम जनता के बीच रहता हूँ.''
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटे बाजौर इलाक़े के दमादौला गाँव पर किए हमले में कई लोग मारे गए थे. इनमें अल क़ायदा के लोग भी शामिल हैं.
इस हमले के बाद पाकिस्तान में अमरीका विरोधी प्रदर्शन हुए थे और पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ को अमरीका से कहना पड़ा कि यह घटना दोहराई न जाए.
अयमन अल ज़वाहिरी पेशे से आँखों के डॉक्टर रहे हैं और उन्हें अल क़ायदा का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है.
कुछ विश्लेषक मानते हैं कि अमरीका पर 11 सितंबर, 2001 के हमलों के पीछे अयमन अल ज़वाहिरी ही थे.
2001 में अमरीका ने जो दुनिया के सबसे वांछित 22 आतंकवादियों की जो सूची जारी की थी उसमें ज़वाहिरी का नाम ओसामा बिन लादेन के बाद दूसरे नंबर पर था.
उनके सिर पर ढाई करोड़ डॉलर का इनाम रखा गया था.