सोमवार, 30 जनवरी, 2006 को 14:58 GMT तक के समाचार
दिल्ली और मुंबई के हवाई अड्डों के निजीकरण का विरोध कर रहे कर्मचारियों ने कहा है कि यदि सरकार ऐसा क़दम उठाती है तो वे देशव्यापी हड़ताल करेंगे.
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण या हवाईअड्डा प्राधिकरण के कर्मचारियों और भारतीय विमानन मंत्री प्रफुल्ल पटेल के बीच सोमवार को हुई बातचीत के बाद कर्मचारी नेताओं ने ये बयान दिया है.
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण के लिए इनका निजीकरण करने जा रही है और इसके लिए सरकार ने निजी कंपनियों से निविदाएँ भी आमंत्रित की हैं.
हवाईअड्डा प्राधिकरण के कर्मचारी निजीकरण का विरोध करते हुए कह रहे हैं कि प्राधिकरण को ही दोनों हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण का अधिकार दिया जाना चाहिए.
कर्मचारी संगठन के संयोजक एमके घोषाल ने कहा, "यदि सरकार निजीकरण की दिशा में आगे बढ़ती है तो हम देश के सारे हवाईअड्डे बंद करने पर विचार करेंगे."
उन्होंने कहा कि अभी तक कर्मचारियों ने हवाई अड्डों पर कोई बाधा नहीं पहुँचाई है लेकिन यदि सरकार ने कर्मचारियों की आवाज़ नहीं सुनी तो उनके पास कोई चारा नहीं बचेगा.