http://www.bbcchindi.com

रविवार, 29 जनवरी, 2006 को 17:38 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में यात्री गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त

पाकिस्तान में एक यात्री गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से तीन लोगों की मौत हो गई है और लगभग 30 लोग घायल हो गए हैं.

पाकिस्तान के रेल मंत्री शमीम हैदर ने बीबीसी से बातचीत में बताया कि राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है.

उन्होंने कहा, "घायलों कॉ अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और बाक़ी मुसाफ़िरों को उनकी मंज़िल की ओर रवाना कर दिया गया है."

इस मामले की जाँच की ज़िम्मेदारी रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंप दी गई है.

एक्सप्रेस ट्रेन स्थानीय समय के अनुसार शाम के छह बजे के क़रीब चली थी और सात बजकर 20 मिनट पर खड्ड में जा गिरी.

लगभग साढ़े छह सौ यात्रियों को लेकर रावलपिंडी से लाहौर जा इस रेल की दुर्घटना डुमेली रेलवे स्टेशन के पास हुई है.

घायलों को झेलम शहर के पास स्थित सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और उनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है.

पाकिस्तान के रेल मंत्री ने कहा था कि रेलगाड़ी के छह डिब्बे गहरे खड्ड में जा गिरे हैं, लेकिन अब बताया गया है कि दुर्घटना उतनी बड़ी नहीं है जैसी पहले मानी जा रही थी.

रेलगाड़ी का सिर्फ़ एक ही डिब्बा ही खड्ड में गिरा है और बाक़ी डिब्बे पटरी से उतरे हैं लेकिन नीचे नहीं गिरे हैं.