http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 23 जनवरी, 2006 को 10:32 GMT तक के समाचार

उमा भारती नई पार्टी नहीं बनाएँगी

भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित नेता उमा भारती ने नई पार्टी की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह कोई नई पार्टी नहीं बनाने जा रही हैं.

बंगलौर में सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे ही असली भाजपा हैं और इसलिए उन्हें अलग से कोई पार्टी बनाने की ज़रुरत नहीं है.

उमा भारती अपने आध्यात्मिक गुरु से मिलने कर्नाटक पहुँची हुई हैं.

ग़ौरतलब है कि अनुशासनहीनता के आरोप में उमा भारती को कुछ दिन पहले भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था और इसके बाद से वह पदयात्राएँ कर रही हैं.

हाल ही में भोपाल से अयोध्या तक अपनी राम-रोटी यात्रा पूरी करने के बाद उन्होंने जिस तरह से अगली पदयात्रा की घोषणा की और उसे जनादेश यात्रा का नाम दिया उससे अंदाज़ा लगाया जा रहा था कि वह अपनी अलग पार्टी बनाएँगी.

उन्होंने कहा था कि वे जनादेश यात्रा के बाद अपनी रणनीति की घोषणा करेंगी. लेकिन उन्होंने इस घोषणा ने इन अटकलों को विराम दे दिया है कि वह अपनी पार्टी बनाएँगी.

उन्होंने दोहराया है कि भाजपा ऐसे चाटुकारों की पार्टी बन गई है जो सत्तालोलुप हैं.

इससे पहले भी वे अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर लालकृष्ण आडवाणी तक सबको भला बुरा कह चुकी हैं.