रविवार, 22 जनवरी, 2006 को 12:09 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में भूकंप राहत कार्यों में लगा रेड क्रॉस का एक हेलिकॉप्टर लापता हो गया है.
रेड क्रॉस के एक प्रवक्ता ने बताया कि हेलिकॉप्टर के उत्तर-पश्चिमी पेशावर से बाहर जाते ही उससे रेडियो संपर्क टूट गया.
रूस में बना ये एमआई-8 विमान अफ़ग़ानिस्तान के रास्ते तुर्कमेनिस्तान वापस जा रहा था और इसमें सात लोग सवार थे.
पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा के पहाड़ी इलाक़ों में हेलिकॉप्टर की तलाश की जा रही है.
नैटो प्रवक्ता मेजर एंडी एलम्स ने कहा है कि इस बात के कोई संकेत नहीं मिले हैं कि हेलिकॉप्टर इस्लामिक चरपंथियों के हमले का शिकार हुआ हो.
जो हेलिकॉप्टर लापता हुआ है वो अक्तूबर में आए भूकंप के बाद से ही पाकिस्तान में था.
भूकंप राहत कार्यों में कई हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है.
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में राहत कार्यों में लगा एक अन्य हेलिकॉप्टर पिछले साल 16 अक्तूबर को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. दुर्घटना में छह पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे.
पिछले साल पाकिस्तान में आए भूकंप में करीब 73 हज़ार लोगों की मौत हुई थी जबकि कई बेघर हो गए थे.