http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 19 जनवरी, 2006 को 12:35 GMT तक के समाचार

विदेशी चरमपंथियों की पहचान का प्रयास

पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि वह अफ़ग़ान सीमा पर अमरीकी हवाई हमले में मारे गए विदेशी चरमपंथियों की पहचान की कोशिश कर रही है.

शुक्रवार को बाजौर इलाक़े के दमादौला गाँव में हुए इस हमले में 18 लोग मारे गए थे.

कुछ अपुष्ट ख़ुफ़िया रिपोर्टों के अनुसार हमले में चार विदेशी चरमपंथी मारे गए थे जिनमें तीन अल क़ायदा के वरिष्ठ सदस्य थे.

हालाँकि सरकारी सूत्रों के अनुसार अभी शवों को पहचान के लिए नहीं लाया जा सका है.

इस संबंध में परस्पर विरोधाभासी ख़बरें मिल रही हैं कि विदेशी चरमपंथियों के शव को उनसे सहानुभूति रखने वाले स्थानीय लोग उठा कर ले गए हैं.

पाकिस्तान के सूचना मंत्री शेख़ राशिद अहमद ने गुरूवार को भी फिर कहा है कि हमले में कई चरमपंथी मारे गए थे.

अमरीका ने अभी भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है.

विरोधाभासी रिपोर्ट

इससे पहले ख़ुफ़िया अधिकारियों के हवाले से ऐसी ख़बरें आई थीं कि मारे गए लोगों में मिदहत मुरसी शामिल था, जो कि विस्फोटकों का विशेषज्ञ माना जाता था. मुरसी की ग़िरफ़्तारी पर अमरीका ने 50 लाख डॉलर का ईनाम घोषित कर रखा है.

ऐसी भी ख़बरें थीं कि हमले में अल क़ायदा में नंबर दो ऐमन अल ज़वाहिरी के दामाद अब्दुल रहमान अल मिसरी अल मग़रीबी भी हमले में मारे गए हैं.

हमले में कथित रूप से मारे गए तीसरे प्रमुख अल क़ायदा चरमपंथी का नाम अबू ओबैदा अल मिसरी बताया गया था.

हालाँकि अब पाकिस्तानी अधिकारी यही कहते हैं कि मारे गए कथित अल क़ायदा चरमपंथियों की पहचान की कोशिश जारी है.