http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 18 जनवरी, 2006 को 10:33 GMT तक के समाचार

कर्नाटक की गठबंधन सरकार ख़तरे में

कर्नाटक में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल जनता दल सेक्युलर में चल रही गतिविधियों ने राज्य में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बना दिया है और सरकार ख़तरे में दिखाई दे रही है.

ख़बरें हैं कि जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) सरकार से हट कर भाजपा के साथ वैकल्पिक सरकार बनाने का प्रयास कर रहा है.

जेडीएस के एक धड़े के नेता कुमारस्वामी, भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू के साथ राज्यपाल से मिलने जा रहे हैं.

माना जा रहा है कि वो सरकार बनाने का दावा करने जा रहे हैं.

हालांकि मुख्यमंत्री धरमसिंह ने बुधवार की सुबह दावा किया था कि उनकी सरकार खतरे में नहीं है.

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक सरकार के गठबंधन में खींचतान की ख़बरें बहुत समय से आ रही हैं. और पिछले साल अगस्त में भी ऐसी चर्चा चली थी कि जेडीएस भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रहा है.

जेडीएस के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी अपने समर्थक मंत्रियों और विधायकों को लेकर किसी अज्ञात स्थान पर चले गए थे और ख़बरें थीं कि भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए चर्चा कर रहे हैं.

हालांकि देवेगौड़ा ने ऐसी ख़बरों का खंडन किया था लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू के कर्नाटक पहुँचने से राजनीति गरमा गई थी.

इस बीच ख़बरें हैं कि भाजपा विधायक दल की एक बैठक भी होने जा रही है.

खींचतान

गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे सिद्धारमैया और कुमारस्वामी के बीच चल रही खींचतान के बाद सिद्धारमैया को उपमुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था.

इसके बाद पार्टी में अनौपचारिक विभाजन की स्थिति बन गई थी.

224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा में सबसे बड़ा दल भाजपा है जिसके 79 सदस्य जीतकर आए थे.

जेडीएस के पास 59 विधायक थे जिसमें से, कहा जा रहा है कि 40 विधायक कुमारस्वामी के साथ हैं. शेष सिद्धारमैया के साथ हैं.

कांग्रेस के 64 विधायक हैं. जबकि 22 अन्य हैं.