मंगलवार, 10 जनवरी, 2006 को 14:46 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों का कहना है कि उन्होंने उत्तरी वज़ीरिस्तान के कबायली इलाक़े में कम से कम 14 चरमपंथियों को मार दिया है. यह इलाक़ा अफ़ग़ानिस्तान की सीमा के निकट है.
इससे पहले एक सैनिक चौकी पर रॉकेट से हमला किया गया था जिसमें पाकिस्तान के सात सैनिक मारे गए थे. उसके बाद सेना की जवाबी कार्रवाई में 14 चरमपंथी मारे गए.
पिछले चार दिनों में पाकिस्तानी सेना पर यह दूसरा बड़ा हमला था. शनिवार को ही ऐसे ही हमले में पाकिस्तान के नौ सैनिक मारे गए थे.
माना जाता है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे इस इलाक़े में अल क़ायदा के चरमपंथी छिपे हुए हैं जो अफ़ग़ानिस्तान पर अमरीकी कार्रवाई के बाद इस इलाक़े में भाग आए थे. पाकिस्तान ने इस इलाक़े में हज़ारों सैनिकों को तैनात कर रखा है.
हमला
पाकिस्तान के सैनिक अधिकारियों का कहना है कि मीरन शाह के निकट एक गाँव में सैनिक चौकी पर रॉकेट से हमला किया गया. इसके बाद सेना ने भी जवाबी गोलीबारी की.
पाकिस्तानी सैनिक के एक प्रवक्ता ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सेना की चौकी पर हमला करने वाले स्थानीय चरमपंथी थे या विदेशी.
शनिवार को भी पाकिस्तानी सेना पर हमला मीरन शाह के पास ही हुआ था. हमले के बाद कई सैनिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
शनिवार के हमले के बाद सेना ने हेलिकॉप्टर से संदिग्ध चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया था. कहा जा रहा है कि उस कार्रवाई में कम से कम तीन लोग मारे गए थे.
मीरन शाह के 12 किलोमीटर उत्तर में स्थित सईदगई गाँव के लोगों का आरोप है कि शनिवार को ही सैनिक हेलिकॉप्टर के हमले में आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.