http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 07 जनवरी, 2006 को 23:37 GMT तक के समाचार

हैदराबाद से आशुतोष चतुर्वेदी
बीबीसी संवाददाता

इक़बाल ख़ान लंदन रेज़ीडेंसी वाले

प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन ज़ोर-शोर से आंध्र प्रदेश के शहर हैदराबाद में हो रहा है. शहर में इन दिनों आयोजनों का दौर है. ठीक इसके पहले भारतीय विज्ञान कांग्रेस हो कर चुकी है.

उसके तुरंत बाद प्रवासी भारतीय दिवस और अंत में कांग्रेस पार्टी के महाधिवेशन का आयोजन है.
पोंगल भी पास है, सो उसकी तैयारी में बाज़ार सजे हैं.

शहर में अलग-अलग तरह के बैनर और होर्डिंग लगे हुए हैं. लेकिन दक्षिण भारत और प्रवासी भारतीय एक दूसरे से गहराई से जुड़े हैं.

मैं जिस होटल में ठहरा हूँ. उसका नाम है आईके लंदन रेज़ीडेसी. जब पता किया तो मालूम चला कि दरअसल यह लंदनवाले इक़बाल ख़ान साहब का होटल है.

वो हैदराबाद से ताल्लुक रखते हैं और प्रवासी भारतीय हैं. अपनी जड़ों से संपर्क बनाए रखने के लिए उन्होंने होटल खोल दिया. अब आम के आम हैं और गुठलियों के दाम हैं.

विवाद

भारत में कोई भी आयोजन बिना राजनीति और विवाद के संपन्न नहीं माना जाता.

अब अंतिम दिन राष्ट्रपति से सम्मानित होनेवालों की सूची में अमरीका के डॉक्टर डॉक्टर सुधीर पारिख भी हैं.

डॉक्टर पारिख विश्व हिंदू परिषद से जुड़े माने जाते हैं और कहा जाता है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका यात्रा के निमंत्रण में भी उनकी भूमिका थी.

हालांकि मोदी को अमरीकी सरकार ने वीज़ा नहीं दिया था और वह विवाद लंबा खिंचा था.

अब सरकार कांग्रेस नेतृत्ववाले यूपीए गठबंधन की है और इस चयन को लेकर कुछ लोगों ने नाक-भौं सिकोड़ी.

लेकिन प्रवासी भारतीय विभाग के मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस ने साफ़ कर दिया है कि ऐसे किसी भी आयोजन में राजनीति संदेश नहीं ढूंढे जाने चाहिए.