http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 05 जनवरी, 2006 को 06:55 GMT तक के समाचार

परिवार के पाँच लोगो को ज़िंदा जलाया

इलाहाबाद ज़िले के करेली में तीन बच्चों सहित एक परिवार के पाँच सदस्यों को ज़िंदा जला दिया गया है. एक बच्चा ही ज़िंदा बच सका है.

पुलिस के अनुसार मामला एक परिवार के भीतर प्रेम प्रसंग का है.

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार को देर रात हुई जब दो लोगों ने मिट्टीतेल मकान पर उड़ेलकर आग लगा दी और घर का दरवाज़ा बाहर से बंद कर दिया.

जिस व्यक्ति के घर में आग आग लगाई गई है उसका नाम मनोज निषाद बताया गया है.

पुलिस ने बच गए बच्चे के बयान के आधार पर कहा है कि आग लगाने वाले दोनों लोग मनोज निषाद के भतीजे थे.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने डीआईजी अखिलेश मेहरोत्रा के हवाले से कहा है कि मनोज निषाद का भतीजा महेंद्र उसकी बेटी से शादी करना चाहता था लेकिन निषाद ने अपनी बेटी की शादी कहीं और कर दी थी.

पुलिस का कहना है कि इससे महेंद्र नाराज़ था और अपने भाई भैयालाल के साथ बुधवार की रात आकर आग लगा दी.

घटना में मनोज निषाद, उनकी पत्नी और तीन बच्चों की मौत हो गई.