http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 03 जनवरी, 2006 को 11:09 GMT तक के समाचार

उड़ीसा में विरोध प्रदर्शन जारी

भारत के उड़ीसा राज्य में सोमवार को पुलिस के साथ हुई झड़प में 13 लोगों के मारे जाने बाद राज्य के पुलिस महानिरीक्षक बीबी मिश्रा ने कहा है कि हालात अब नियंत्रण में है.

लेकिन ख़बरों के मुताबिक़ प्रभावित इलाक़े कलिंगनगर में अभी भी तनाव बना हुआ है.

कलिंगनगर के एक सड़क मार्ग पर करीब 300 लोग चार शवों के साथ बैठे हुए हैं. ये चार शव उन लोगों के हैं जो सोमवार की गोलीबारी में मारे गए थे.

प्रदर्शनकारियों की माँग है कि हर मृतक के रिश्तेदार को 10 लाख रुपए मुआवज़े के तौर पर दिए जाएँ, कलेक्टर और एसपी को निलंबित किया जाए और विवादित इस्पात केंद्र पर काम बंद हो.

सोमवार को उड़ीसा में प्रदर्शनकारी आदिवासियों पर पुलिस के गोली चलाने से कम से कम 13 लोग मारे गए थे.

ये आदिवासी कलिंगनगर में भारत की अग्रणी स्टील निर्माता कंपनी टाटा स्टील के एक नए कारखाने के निर्माण का विरोध कर रहे थे.

तनाव

कलिंगनगर में पुलिसबल बड़ी संख्या में मौजूद है लेकिन अब तक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उस इलाक़े से दूरी बनाई हुई है जहाँ घटना हुई थी.

प्रदर्शनकारी पहले ही कह चुके हैं कि इस्पात केंद्र के लिए वो एक इंच ज़मीन भी नहीं देंगे.

सोमवार को गोलीबारी में घायल हुए करीब 20 लोगों का कटक शहर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.

उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अस्पताल जा कर घायलों का हाल चाल पूछा.

जिस स्टील प्लांट को लेकर हिंसा हुई उसे लेकर पिछले कई महीनों से तनाव बना हुआ था.

कुछ महीने पहले भी प्रदर्शनकारियों ने प्लांट के उदघाटन के समय हमला कर दिया था और तब भी पुलिस को गोली चलानी पड़ी थी. पुलिस ने तब कई आदिवासियों को गिरफ़्तार किया था.