http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 31 दिसंबर, 2005 को 09:55 GMT तक के समाचार

'न्यायालय जाएगी समाजवादी पार्टी'

समाजवादी पार्टी ने कहा है कि उसके नेताओं के फ़ोन टैपिंग के मामले के ख़िलाफ़ अब पार्टी न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाएगी और इस मामले को संसद की विशेषाधिकार समिति के सामने भी रखेगी.

दिल्ली में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि पार्टी के नेताओं के फ़ोन टैप करने के विरोध में अब न्यायालय में अपील की जाएगी और साथ ही दूसरे राजनीतिक दलों के सामने भी इस मुद्दे पर विचार करने के लिए प्रस्ताव रखा जाएगा.

उन्होंने कहा, "पार्टी न्यायालय से अनुरोध करेगी कि वो रिलायंस इन्फ़ोकॉम को फ़ोन टैपिंग के लिए दोषी अधिकारियों के नाम बताने के निर्दश दे."

इससे पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष सानिया गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं के टेलीफ़ोन टैप किए जा रहे हैं.

मुलायम सिंह ने कहा था कि उनके पास इन आरोपों के पुख़्ता सबूत भी हैं.

हालाँकि गृह मंमत्रालय के हवाले से समाजवादी पार्टी के इन आरोपों को निराधार बताया गया था.

इस बाबत पूछने पर रामगोपाल यादव ने बताया, "अगर फ़ोन टैपिंग के लिए लिखा गया पत्र नक़ली था तो फिर संबंधित अधिकारियों ने इसकी जाँच करने की कोशिश क्यों नहीं की."

उन्होंने बताया, "यह सांसदों के विशेषाधिकारों का हनन है. पार्टी के सांसद अमर सिंह अब इस मामले को राज्यसभा में सभापति के सामने रखेंगे और उनसे अपील करेंगे कि सदन की विशेषाधिकार समिति से इस मामले की पड़ताल कराई जाए."

आरोप-प्रत्यारोप

इस बाबत बीबीसी बातचीत के दौरान अमर सिंह ने कहा, "सोनिया गांधी के इशारे पर मेरे, मेरे परिवार, मुलायम सिंह के परिवार और पार्टी के दूसरे लोगों के फ़ोन टैप किए जा रहे हैं."

अमर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि इस फ़ोन टैपिंग का इस्तेमाल जनवरी महीने में उनकी पार्टी के लोगों को बदनाम करने के लिए भी किया जा सकता है.

इस आरोप पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस आरोप को बिल्कुल ग़लत और निराधार बताया है.

गृह मंत्रालय के हवाले से बताया गया कि प्रारंभिक तौर पर यह एक फ़र्जी मामला है. दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड़यंत्र रचने का मामला दर्ज किया है और दिल्ली पुलिस इसकी जाँच कर रही है.

ग़ौरतलब है कि समाजवादी पार्टी वर्तमान केंद्र सरकार को बाहर से समर्थन दे रही है पर पिछले कुछ समय से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है.