http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 31 दिसंबर, 2005 को 14:44 GMT तक के समाचार

विदेश से आई युवती के साथ बलात्कार

मुंबई में दक्षिण अफ़्रीका से आई एक युवती ने अपने साथ बलात्कार होने की शिकायत दर्ज कराई है.

बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती भारतीय मूल की है.

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जाँच का काम शुरू कर दिया है.

बीबीसी की मुंबई संवाददाता के अनुसार दक्षिण अफ़्रीका से ये युवती भारत में मॉडलिंग करने आई थी और वह फ़िल्मों में भी काम खोज रही थी.

उसने थाने में शिकायत की है कि इस महीने की 28 तारीख़ को पश्चिमी मुंबई में एयरपोर्ट के समीप उसके साथ दो लोगों ने बलात्कार किया.

पुलिस के अनुसार युवती को घटना के बारे में अधिक कुछ याद नहीं है.

उसने कहा है कि जिन दो लोगों ने उसके साथ ज़बरदस्ती की वे उसके परिचित थे.

युवती ने दोनों संदिग्ध व्यक्तियों के नाम बताए हैं लेकिन उसे ये नहीं पता है कि दोनों रहते कहाँ हैं.

पुलिस इस बारे में अभी जाँच कर रही है और इस सिलसिले में दूसरे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.