http://www.bbcchindi.com

मणिपुर में महानिरीक्षक की हत्या

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में कुछ संदिग्ध चरमपंथियों ने पुलिस दल पर हमला किया जिसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की मौत हो गई.

यह जानकारी पुलिस के हवाले से दी गई है.

जानकारी के मुताबिक पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) टी थांगथुआम की गाड़ी पर हमला बोलकर चरमपंथियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

हमले के जवाब में थांगथुआम के सुरक्षाकर्मियों ने भी गोलियां चलाईं पर एक गोली उन्हें भी लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी की भी जान गई है.

यह घटना उस वक्त हुई जब थांगथुआम चूड़चंदपुर ज़िले से राज्य की राजधानी इंफाल की ओर जा रहे थे.

जानकारी के मुताबिक यह घटना जहाँ हुई, वह जगह राजधानी इंफाल से 25 किलोमीटर के फ़ासले पर है.

थांगथुआम राज्य पुलिस की अन्वेषण शाखा से जुड़े थे.

अभी तक इन हमलों की ज़िम्मेदारी किसी भी चरमपंथी संगठन ने नहीं ली है.