शुक्रवार, 30 दिसंबर, 2005 को 14:43 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि उनके और समाजवादी पार्टी के कुछ अन्य नेताओं के टेलीफ़ोन टैप किए जा रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस षडयंत्र के पीछे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का हाथ हो सकता है.
मुलायम सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनके पास इन आरोपों के पुख़्ता सबूत भी हैं.
बीबीसी से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने भी सोनिया गाँधी पर सीधा निशाना साधते हुए उनके ख़िलाफ़ राजनीतिक षडयंत्र रचने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, "सोनिया गांधी के इशारे पर मेरे, मेरे परिवार, मुलायम सिंह के परिवार और पार्टी के दूसरे लोगों के फ़ोन टैप किए जा रहे हैं."
अमर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि इस फ़ोन टैपिंग का इस्तेमाल जनवरी महीने में उनकी पार्टी के लोगों को बदनाम करने के लिए भी किया जा सकता है.
इस आरोप पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस आरोप को बिल्कुल ग़लत और निराधार बताया है.
गृह मंत्रालय के अधिकारिक सूत्रों ने भी इन आरोपों के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से पेश किए गए सबूतों को आधारहीन बताया है.
गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एलसी गोयल ने पत्रकारों को बताया, "इस मामले को दिल्ली पुलिस आयुक्त और गृह मंत्रालय के प्रधान सचिव ने विस्तार से देखा है. प्रारंभिक तौर पर यह एक फ़र्जी मामला मालूम पड़ता है. इस बाबत दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड़यंत्र रचने का मामला दर्ज किया है और दिल्ली पुलिस इसकी जाँच कर रही है."
हालांकि गोयल ने उस व्यक्ति के नाम का ज़िक्र नहीं किया, जिसके नाम से यह मामला दर्ज किया गया है.
ग़ौरतलब है कि समाजवादी पार्टी वर्तमान केंद्र सरकार को बाहर से समर्थन दे रही है पर पिछले कुछ समय से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है.