http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 30 दिसंबर, 2005 को 05:30 GMT तक के समाचार

बर्फ की चट्टान खिसकने से 24 की मौत

पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के एक सुदूर इलाक़े में बर्फ़ की चट्टान खिसकने से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है.

इलाक़े के पुलिस प्रमुख अताउल्ला वज़ीर ने बताया कि पेशावर से पूर्वोत्तर कोहिस्तान इलाक़े में यह घटना गुरुवार को उस समय हुई जब लोग क़ीमती रत्न निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे.

हाल के दिनों में इस इलाके में बर्फ़बारी हुई है. ख़बरों के मुताबिक़ राहत टीम ने एक व्यक्ति को बचा लिया है. इस इलाक़े में बेशकीमती रत्न पाए जाते हैं जिसे स्थानीय लोग बाज़ार में बेच देते हैं.

पुलिस प्रमुख अताउल्ला वज़ीर ने बताया कि स्थानीय लोगों की सहायता से राहतकर्मी लोगों के शव निकालने की कोशिश कर रहे हैं.

उन्होंने बताया कि कुछ शव तो निकाल लिए गए हैं लेकिन अभी भी कई शव को निकालना बाक़ी है.

उनका कहना था कि इसक़ा दूरदराज़ होने की वजह से इत्तिला काफ़ी देर में पहुँची.

एक अन्य पुलिस अधिकारी का कहना था कि शवों को बरामद करने के लिए एक हेलीकॉप्टर भेजा जा रहा है.

इस इलाक़े में भारी मात्रा में क़ीमती नगीने पाए जाते हैं जिन्हें गाँववाले खुले बाज़ार में बेच कर पैसा कमाते हैं.

एक अधिकारी का कहना है कि हिमस्खलन का कारण भूकंप का झटका भी हो सकता है.