शुक्रवार, 30 दिसंबर, 2005 को 11:49 GMT तक के समाचार
कर्नाटक पुलिस के हवाले से कुछ ऐसे फ़ैक्स संदेश मिलने की पुष्टि की गई है जिनमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री धरम सिंह के आवास और एक पाँच सितारा होटल पर नव वर्ष की पूर्वसंध्या पर हमला करने की धमकी दी गई है.
यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्ण चंदर ने बीबीसी को बताया कि बंगलौर के कुछ अंग्रेज़ी समाचार पत्रों के कार्यालयों में गुरुवार को देर रात कुछ ऐसे फ़ैक्स भेजे गए हैं जिनमें इन हमलों की बात कही गई है.
हालांकि, उन्होंने बताया, "इस तरह का कोई भी फ़ैक्स पुलिस विभाग को नहीं भेजा गया है पर हमें उस फ़ैक्स की प्रतियां मिली हैं जो कि इन समाचारपत्रों के कार्यालयों में भेजा गया."
इन पत्रों पर किसी के हस्ताक्षर नहीं है लेकिन पत्र के नीचे भेजनेवाले व्यक्ति के स्थान पर मोईनउद्दीन नाम लिखा हुआ है.
पुलिस का कहना है कि पत्र में ग्रांड अशोक होटल और मुख्यमंत्री आवास पर हमले का ज़िक्र किया गया है.
पत्र में लिखा है, "बंगलौर में छह अल-जेहादी हैं इसलिए अशोक होटल और मुख्यमंत्री आवास को खाली कर दो."
ग़ौरतलब है कि बंगलौर के प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान में एक अंतरराष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन के दौरान गोली चलने से एक प्रोफ़ेसर की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हुए थे.
घटना के बाद हमलावर को पकड़ने के लिए पुलिस व्यापक तलाशी अभियान चला रही है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस पत्र का पिछले दिनों भारतीय विज्ञान संस्थान की घटना से कोई ताल्लुक है तो उनका कहना था, "मुझे नहीं लगता कि ऐसा कुछ है. हालाँकि ऐसी किसी भी सूचना को हम हलका नहीं समझते और गंभीरता से उसपर काम करते हैं पर ऐसी घटनाओं के बाद ऐसा कुछ होता ही है. हमें भी कुछ फ़ोन वगैरह आ रहे हैं."
उन्होंने कहा, "हम इसको लेकर गंभीर हैं और इस बार नव वर्ष के अवसर पर आम तैयारियों से कहीं ज़्यादा एहतियात बरती जाएगी."
बंगलौर में पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास और अशोक होटल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है.