बुधवार, 28 दिसंबर, 2005 को 05:09 GMT तक के समाचार
गुजरात में एक बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है.
पुलिस के मुताबिक़ बस और ट्रक की टक्कर आमने-सामने से हुई.
टक्कर के बाद बस में आग लग गई और ज़्यादातर लोगों की मौत जलने के कारण हुई. ये बस अहमदाबाद से मुंबई जा रही थी. ये हादसा भरूच के पास हुआ.
भरूच के पुलिस प्रमुख जीएस मलिक ने बताया कि सभी 22 लोगों की मौक़े पर ही मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए.
उनका कहना था कि इस बस में प्रवेश और बाहर निकलने के लिए एक ही दरवाज़ा था और टक्कर से बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. लोग पीछे की तरफ़ भागे और आग में फंस गए.
बस में फोम की सीटों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग और भड़क उठी.
घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. इस बस में कुल 55 लोग सवार थे.