http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 दिसंबर, 2005 को 04:26 GMT तक के समाचार

सांसद की हत्या पर आरोप-प्रत्यारोप

श्रीलंका में एक तमिल विद्रोही समर्थक सांसद की हत्या के बाद सरकार और तमिल विद्रोहियों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं.

शनिवार अर्धरात्रि को क्रिसमस के अवसर पर बट्टिकलोआ में एक गिरजाघर में प्रार्थना सभा के दौरान 71 वर्षीय तमिल सांसद जोसफ़ परराजसिंघम की अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी.

मारे गए सांसद की पार्टी तमिल नेशनल एलायंस का तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई से संबंध रहा है.

उनकी हत्या के बाद तमिल विद्रोहियों ने कहा है कि अतिराष्ट्रवादी शक्तियों ने एक ऐसे देशभक्त को छीन लिया जिसने तमिल राष्ट्र की मुक्ति और मानवाधिकारों के लिए काम किया.

उधर सरकार ने कहा है कि तमिल सांसद की हत्या की साज़िश स्वयं तमिल विद्रोहियों ने रची क्योंकि वे ध्यान बँटाकर देश में उपद्रव लाना चाहते थे.

अंतरराष्ट्रीय दानकर्ता देशों और श्रीलंका सरकार और विद्रोहियों के बीच मध्यस्थता करानेवाले विदेशी वार्ताकारों ने हिंसा में आती तेज़ी पर चिंता प्रकट की है.

उन्होंने पिछले महीने महिंदा राजपक्षे के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद हिंसक घटनाओं में तेज़ी के कारण संघर्षविराम के भविष्य को लेकर आशंका जताई है.

श्रीलंका में 2002 में युद्धविराम की घोषणा होने के बाद से पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हिंसा भड़की है.

हिंसी के बीच ही शनिवार को श्रीलंका में शांति प्रक्रिया में सहायक विदेशी मध्यस्थों और एलटीटीई के बीच बातचीत हुई जो नाकाम रही.