रविवार, 25 दिसंबर, 2005 को 00:35 GMT तक के समाचार
श्रीलंका में अज्ञात बंदूकधारियों ने क्रिसमस के समय अर्धरात्रि को होनेवाली प्रार्थना सभा के दौरान एक एलटीटीई समर्थक सांसद की हत्या कर दी है.
जोसफ़ परराजसिंघम नामक इस 71 वर्षीय राजनेता को कोलंबो से 300 किलोमीटर पूर्व स्थित बट्टिकलोआ में एक चर्च में बहुत निकट से गोली मारी गई.
पुलिस के अनुसार हमले में आठ और लोग घायल हुए हैं.
ये हमला श्रीलंका में हाल के दिनों में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है. वैसे हमले के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है.
जोसफ़ परराजसिंघम श्रीलंका की संसद में तमिल नेशनल एलायंस पार्टी के प्रतिनिधि थे.
टीएनए पार्टी का संपर्क तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई से रहा है. एलटीटीई जिसका मार्च 2004 में विभाजन हो गया था.
सांसद की हत्या के बाद श्रीलंका में एक बार फिर गृहयुद्ध की स्थिति की आशंका बन गई है.
श्रीलंका में 2002 में युद्धविराम की घोषणा होने के बाद से पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हिंसा भड़की है.
इससे पहले शनिवार को श्रीलंका में शांति प्रक्रिया में विदेशी मध्यस्थों और एलटीटीई के साथ बातचीत हुई जिसका कोई नतीजा नहीं निकला.
ताज़ा झड़पों में श्रीलंका के उत्तरी जाफ़ना क्षेत्र में संदिग्ध विद्रोहियों और सेना के बीच हुई झड़प में एक सैनिक समेत पाँच लोग मारे गए हैं.