रविवार, 25 दिसंबर, 2005 को 05:08 GMT तक के समाचार
भारत की राजधानी दिल्ली में एक निर्माणाधीन भवन के पास मलबा गिरने से कम-से-कम ग्यारह मज़दूर मारे गए हैं.
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार ग्यारह शव निकाले जा चुके हैं लेकिन मलबे में अभी कुछ और लोग भी दबे हुए हैं.
शनिवार शाम को ये दुर्घटना दिल्ली के जसोला इलाक़े में हुई जहाँ एक नए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स की नींव रखी जा रही थी.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना तब हुई जब नींव की खुदाई के दौरान निकली मिट्टी बाहर रखी गई थी.
इसी बीच वहाँ एक बड़े विज्ञापन बोर्ड को लगाते समय मिट्टी का ये ढेर नीचे गिर पड़ा जिसमें मज़दूर दब गए.
दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया है कि मज़दूर सतह से 55 फ़ीट नीचे खुदाई कर रहे थे.
राहत कर्मचारी अब भी मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं.