http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 19 दिसंबर, 2005 को 16:09 GMT तक के समाचार

तमिलनाडु में समुद्री तूफ़ान की आशंका

तमिलनाडु में समुद्री तूफ़ान की आशंका को देखते हुए तटीय ज़िलों के निचले इलाक़ों को खाली कराया जा रहा है.

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसके मंगलवार शाम तक तमिलनाडु के तट पर पहुँचने की आशंका है.

तूफ़ान चेतावनी केंद्र के प्रमुख डॉ. रमनन ने बीबीसी हिंदी सेवा को बताया कि हवा के कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को नागपट्टनम से 300 किलोमीटर दूर केंद्रित था.

उन्होंने कहा कि इस स्थिति में तूफ़ान के पैदा होने की आशंका है.

अधिकारियों के अनुसार तटीय इलाक़ों से 50 हज़ार लोगों को सुरक्षित इलाक़ो में पहुँचा दिया गया है.

इसी के साथ राजधानी चेन्नई और कडलूर, कांचीपुरम और तिरुवल्लवर ज़िलों में स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने के आदेश दे दिए गए हैं.

राज्य में पिछले एक महीने के दौरान दो बार समुद्री तूफ़ान की तबाही झेल चुका है.

तमिलनाडु के कुल 30 में से 28 ज़िलों में इस साल औसत से ज़्यादा बारिश हुई है.

अधिकारियों के अनुसार अक्टूबर से लेकर अब तक चेन्नई में 203 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जबकि आमतौर पर इस अवधि में औसत 70 सेंटीमीटर बारिश हुआ करती थी.