http://www.bbcchindi.com

अफ़गानिस्तान में 30 साल बाद संसद का सत्र

अफ़गानिस्तान में तीस साल के बाद फिर एक बार संसद का सत्र शुरु होगा.

युद्ध से छिन्न भिन्न हो चुके इस देश में 30 साल से कोई ऐसी सरकार नहीं बन पाई थी जो संसद का सत्र बुलाती.

भारतीय समय के अनुसार काबुल में संसद का सत्र नौ बजे शुरु होगा जिसमें 350 सांसद शामिल होंगे.

उम्मीद की जा रही है कि इसमें अमरीकी उप राष्ट्रपति डिक चेनी और कई विदेशी राजनेता भी शिरकत करेंगे.

इसके लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं. पिछले एक साल में तालिबान ने एक बार फिर हमले करने शुरु कर दिए हैं.

काबुल में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि अभी अफगानिस्तान के सांसदों को बहुत कुछ साबित करना है और जनता उन्हें शक की निगाह से देखती है.

हालांकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को वर्तमान सरकार का पूरा समर्थन मिला हुआ है और कोशिश की जा रही है कि देश में संस्थानों का जल्दी से जल्दी विकास किया जाए.

माना जा रहा है कि संसद के सत्र की शुरुआत देश का झंडा फहरा कर की जाएगी जिसके बाद राष्ट्रपति हामिद करज़ई सभी सांसदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.

राष्ट्रपति ने सोमवार को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कर दिया है और वो इस अवसर पर भाषण भी देंगे.

संसद के निचले सदन में एक तिहाई महिला सांसद हैं. पिछले हफ्ते सभी सांसदों ने संसद की कार्यवाही संबंधी एक कोर्स किया है.