बुधवार, 14 दिसंबर, 2005 को 08:30 GMT तक के समाचार
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में बुधवार को भारतीय समयानुसार 1239 पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए.
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि दिल्ली और उत्तरांचल में आए इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.2 मापी गई है.
इसका केंद्र उत्तरांचल का चमोली शहर माना जा रहा है.
हालांकि किसी के हताहत होने अथवा नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है.
राजधानी दिल्ली के लोगों ने भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए.
पाकिस्तान में झटके
इसके पहले पश्चिमोत्तर पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में मंगलवार तड़के भूकंप के ज़बरदस्त झटके महसूस किए गए थे.
अमरीकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.7 बताई गई. भूकंप का केंद्र पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा के निकट हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र में था.
भूकंप के झटकों के कारण पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर और अन्य इलाक़ों में लोग घर से निकल गए. भूकंप के झटके भारत की राजधानी दिल्ली में भी महसूस किए गए.
जम्मू क्षेत्र के संभागीय आयुक्त बीआर शर्मा ने बीबीसी को बताया कि वहाँ किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है. अलबत्ता पुंछ ज़िले में कुछ घरों को नुक़सान पहुँचने की ख़बरें हैं.
अक्तूबर में पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर और आसपास के इलाक़ों में ज़बरदस्त भूकंप आया था, जिसमें 73 हज़ार लोग मारे गए थे.
अक्तूबर में भारत प्रशासित कश्मीर में भी ज़बरदस्त भूकंप आया था, जिसमें 1300 लोग मारे गए थे.