बुधवार, 14 दिसंबर, 2005 को 04:32 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के सूचना मंत्री शेख रशीद ने कहा है कि अमरीका ने पाकिस्तान को दो एफ़-16 विमान दिए हैं.
बीबीसी से बातचीत में उन्होंने बताया, “ये विमान ‘सदभावना’ के तहत मुफ़्त दिए गए हैं”.
शेख रशीद ने कहा कि ये दो विमान अमरीका के साथ हुए उसी सौदे का हिस्सा हैं, जिसे पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने अक्तूबर में आए भूकंप के बाद टाल दिया था.
दक्षिण एशिया में आए भूकंप के चलते पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने अमरीका से एफ़-16 विमानों की ख़रीद कुछ देर के लिए टाल दी थी. उन्होंने कहा था कि इस वक़्त भूकंप पीड़ितों पर संसाधन लगाने की ज़रूरत है.
पाकिस्तानी सूचना मंत्री ने कहा है कि एफ़-16 विमान ख़रीदने का फ़ैसला टाला गया था, उसे रद्द नहीं किया गया था.
'सुरक्षा ज़रूरतें'
शेख रशीद ने कहा कि भूकंप प्रभावितों की ज़रूरतों को पूरा किया जाएगा लेकिन पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा, आस पास के हालात और रक्षा ज़रूरतों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता.
एफ़-16 विमान ख़रीदने के बारे में शेख रशीद का कहना था, “जहाज़ तो हमने लेने ही है. हम 15 साल बाद इस स्थिति में पहुँचे हैं कि हमें जहाज़ मिलें और इस कीमत पर मिले.”
अमरीका ने 15 साल के इंतज़ार के बाद पाकिस्तान को इस साल एफ-16 लड़ाकू विमान देने का फ़ैसला किया था.
वैसे पाकिस्तान को एफ़-16 लड़ाकू विमान देने का सौदा काफ़ी पहले हो चुका था लेकिन 1990 में पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम के विरोध में यह आपूर्ति रोक दी गई थी.
शेख रशीद ने बताया है कि अमरीका से 70 एफ़-16 विमान ख़रीदने को लेकर अभी सौदे पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं और हस्ताक्षर होने के बाद भी विमान मिलने में पाँच से छह साल लग जाएँगे.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने कहा कि 22 विमान पुराने मिलेंगे और बाकी आधुनिक और नए होंगे.
शेख रशीद के मुताबिक़ सौदे के तहत पाकिस्तान के पास पहले से मौजूद विमानों की ‘मरम्मत’ भी की जाएगी.