मंगलवार, 13 दिसंबर, 2005 को 09:42 GMT तक के समाचार
भारतीय संसद में सवाल उठाने के लिए घूस देने का मामला सामने आने के बाद राज्यसभा ने भारतीय जनता पार्टी के सदस्य छत्रपाल सिंह लोधा को मंगलवार को निलंबित कर दिया.
छत्रपाल सिंह उन 11 सांसदों में से एक हैं जिन्हें संसद में सवाल पूछने के लिए पैसे लेते कैमरे में पकड़ा गया था.
राज्यसभा की आचरण समिति के प्रमुख कर्ण सिंह ने एक प्रस्ताव पेश किया जिसमें छत्रपाल सिंह को अपने आचरण पर सफ़ाई पेश करने के लिए 48 घंटे का समय दिया है. इस दौरान उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया है.
इस प्रस्ताव को सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया. आचरण समिति छत्रपाल सिंह के जवाब के बाद अपनी अंतिम रिपोर्ट पेश करेगी.
राज्यसभा के सभापति भैरोंसिंह शेखावत ने इस मामले को सोमवार को आचरण समिति के हवाले कर दिया था.
लोक सभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने भी सोमवार को ही एक सर्वदलीय समिति गठित की है जो इस मामले में कार्रवाई की सिफ़ारिश करेगी.
सवाल पर घूस
ग़ौरतलब है कि एक टेलीविज़न चैनल ने एक वीडियो टेप का प्रसारण किया था जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों को संसद में प्रश्न पूछने के लिए घूस लेते दिखाया गया था.
इन 11 सांसदों में छह भारतीय जनता पार्टी के, तीन बहुजन समाज पार्टी के, एक-एक सांसद कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के हैं.
टीवी चैनल 'आजतक' ने मीडिया कंपनी 'कोबरा पोस्ट' के साथ मिलकर यह ख़ुफ़िया रिकॉर्डिंग की थी. इसे चैनल ने 'ऑपरेशन दुर्योधन' का नाम दिया गया था.
लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने मामला सुलझ जाने तक उन सांसदों को कार्यवाही में भाग न लेने के निर्देश दिए हैं जिन्हें कैमरे में क़ैद किया गया है.