रविवार, 11 दिसंबर, 2005 को 19:01 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में पंजाब सूबे के शहर लाहौर में एक बस में पटाखों के कारण लगी आग से कम-से-कम 40 बारातियों की मौत हो गई है.
पुलिस का कहना है कि इस बस में 50 लोग सवार थे.
घायलों को अस्पताल ले जाया गया है जिनमें से आठ की हालत गंभीर है.
मृतकों में से कई औरतें और बच्चे हैं जो दम घुटने के कारण मारे गए.
बस में बाहर निकलने का केवल एक ही रास्ता था.
पाकिस्तान में पटाखों को लेकर असावधानी के कारण पहले भी कई बार दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं. लेकिन रविवार को हुआ हादसा बड़ी दुर्घटनाओं में से एक है.
लाहौर में उत्तरी छावनी के सीनियर सुपरिंटेंडेंट आमिर ज़ुल्फ़िकार ने कहा,"कुछ सेकेंड के भीतर बस धू-धू कर जलने लगी और किसी को भी किसी को बचाने का मौक़ा नहीं मिल सका".
कई शव इतनी बुरी तरह से जल गए हैं कि उनकी पहचान भी संभव नहीं है.
स्थानीय निवासियों ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया है कि दुर्घटना तब घटी जब एक छोटे बच्चे ने बस की पीछे की खिड़की से पटाखे फेंके.
पंजाब प्रांत के गवर्नर चौधरी परवेज़ इलाही ने घटना की जाँच के आदेश दिए हैं.