http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 09 दिसंबर, 2005 को 07:09 GMT तक के समाचार

'फ़ानूस' के कारण भारी बारिश की आशंका

भारत के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पांडिचेरी में समुद्री तूफ़ान फ़ानूस के कारण भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है.

अभी समुद्री तूफ़ान फ़ानूस चेन्नई से 550 किलोमीटर दक्षिणपूर्व स्थित है.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के अंदर तूफ़ान और तेज़ी से आगे बढ़ेगा.

राज्य के तटीय इलाक़ों में लोगों को सावधान कर दिया गया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

समुद्री तूफान के कारण तटीय इलाक़ों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएँ चल रही हैं.

तमिलनाडु के अलावा दक्षिणी आंध्र प्रदेश में भी फ़ानूस के कारण भारी बारिश की आशंका व्यक्त की जा रही है.

इसी सप्ताह में चेन्नई में ज़बरदस्त बारिश हुई थी.

भारी बारिश के कारण चेन्नई के कई इलाक़ों में पानी भर गया था. बाढ़ के कारण 75 हज़ार लोगों को सुरक्षित इलाक़ों में पहुँचाया गया था.

भारी बारिश की वजह से 75 हज़ार से अधिक लोगों को उनके घरों से हटाकर 140 शिविरों में रखना पड़ा था.