शुक्रवार, 09 दिसंबर, 2005 को 09:58 GMT तक के समाचार
मुंबई में टाडा की एक विशेष अदालत में माफ़िया सरगना अबू सलेम और अभिनेता संजय दत्त की शुक्रवार को पेशी हुई.
सलेम पर 1993 के मुंबई बम धमाकों में शामिल होने का आरोप है वहीं संजय दत्त पर आरोप है कि उन्होंने सलेम से लेकर दो एके-56 राइफ़लें अपने पास रखी थीं.
मुंबई बम धमाकों के सिलसिले में 123 लोगों पर आरोप है. दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट ने अबू सलेम की याचिका पर भी कोई फ़ैसला नहीं सुनाया है.
सुप्रीम कोर्ट ने सलेम को दो जनवरी को पेश होने का निर्देश दिया है.
याचिका में सलेम की ओर से अपील की गई थी कि उनसे पूछताछ के दौरान दो से ज़्यादा अधिकारी मौजूद न हों.
अबू सालेम गिरफ़्तारी की बाद 11 नवंबर से सीबीआई की हिरासत में हैं.
उधर अबू सालेम के साथ पुर्तगाल से भारत लाई गई अभिनेत्री मोनिका बेदी की हिरासत को दो दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है.
मोनिका बेदी को भोपाल की एक अदालत ने दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया था.
उन पर चार साल पहले भोपाल से एक फ़र्जी पासपोर्ट बनवाने का आरोप है.