बुधवार, 07 दिसंबर, 2005 को 12:25 GMT तक के समाचार
राजधानी दिल्ली के पूर्वी इलाक़े में एक कपड़ा कारख़ाने में बुधवार को आग लग जाने से 12 लोगों की मौत हो गई है और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
दिल्ली अग्निशमन विभाग के हवाले से यह जानकारी दी गई है.
जानकारी के मुताबिक पूर्वी दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र के विश्वासनगर इलाक़े में चल रहे इस कपड़ा कारख़ाने में बुधवार को दिन में क़रीब सवा ग्यारह बजे आग लग गई.
आग में क़रीब 12 लोग झुलसकर मारे गए जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है.
कपड़ा कारख़ाना तीन मंज़िला इमारत में चल रहा था जहाँ यह आग लगी है.
आग इतनी भीषण थी कि इसपर क़ाबू पाने में दिल्ली दमकल विभाग को दो घंटे से भी ज़्यादा का समय लग गया.
आग लगने की यह घटना कितनी भयानक थी, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकल विभाग की 25 गाड़ियाँ मौके पर आग को नियंत्रित करने के लिए रवाना कर दी गई थीं.
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक शवों की शिनाख़्त की कोशिश की जा रही है और आग लगने के कारणों की जाँच शुरू कर दी गई है.