सोमवार, 05 दिसंबर, 2005 को 14:30 GMT तक के समाचार
माफ़िया सरगना अबू सालेम के साथ पुर्तगाल से भारत लाई गई फ़िल्म अभिनेत्री मोनिका बेदी को भोपाल की एक अदालत ने दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
उन पर चार साल पहले भोपाल से एक फ़र्जी पासपोर्ट बनवाने का आरोप है.
इसके अलावा कई मामलों में अबू सालेम के साथ अभियुक्त मोनिका बेदी को रविवार को ट्रेन से हैदराबाद से भोपाल लाया गया था.
भोपाल की डीआईजी अनुराधा शंकर के अनुसार मोनिका बेदी को एक विशेष महिला पुलिस थाने में रखा गया था और यहीं एक विशेष अदालत लगाकर सुनवाई की गई.
पुलिस का कहना है कि ऐसा सुरक्षा की दृष्टि से किया गया.
फ़र्जी पासपोर्ट के मामले में मोनिका बेदी के अलावा अबू सालेम की पहली पत्नी समीरा और दो स्थानीय लोग सिराज और कबीर अभियुक्त हैं.
अधिकारियों के अनुसार समीरा अमरीका में हैं और शेष दो लोग ज़मानत पर रिहा कर दिए गए हैं. उनका कहना है कि पुलिस अबू सलेम को भी भोपाल लाने के प्रयास में है.
मोनिका बेदी के वकील सुधीर बत्रा का कहना है कि पासपोर्ट पर मोनिका के हस्ताक्षर नहीं थे.
उल्लेखनीय है कि मोनिका बेदी पुर्तगाल में फ़र्ज़ी पासपोर्ट के आधार पर दाख़िल होने के अपराध में पहले ही जेल काट चुकी हैं.