http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 03 दिसंबर, 2005 को 15:37 GMT तक के समाचार

अल क़ायदा का 'शीर्ष कमांडर' मारा गया

पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने इस बात की पुष्टि की है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे उत्तरी वज़ीरिस्तान इलाक़े में अल क़ायदा का एक 'शीर्ष कमांडर' मारा गया है.

पाकिस्तान के अख़बार डॉन ने ये ख़बर छापी थी कि इस सप्ताह के शुरू में इस इलाक़े में हुए एक बम धमाके में जो तीन विदेशी चरमपंथी मारे गए थे, उनमें से एक अल क़ायदा का 'शीर्ष कमांडर' अबू हम्ज़ा राबिया भी था.

माना जाता है कि चार साल पहले अफ़ग़ानिस्तान में हुई अमरीकी सैनिक कार्रवाई के कारण अल क़ायदा के चरमपंथी पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाक़े में छिपे हुए हैं.

कुवैत के दौरे पर रवाना होने से पहले राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में इसकी पुष्टि की कि मिस्र का रहने वाले अबू हम्ज़ा राबिया मारा गया है.

पाकिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि विदेशी चरमपंथी अपने ही विस्फोटकों में धमाकों के कारण मारे गए लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घरों पर हेलिकॉप्टर से रॉकेट दाग़े गए.

हालाँकि बीबीसी संवाददाता बारबारा प्लेट का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हम्ज़ा राबिया की अल क़ायदा में क्या हैसियत थी.

लेकिन पाकिस्तान के सूचना मंत्री शेख़ रशीद ने कहा कि हम्ज़ा राबिया अल क़ायदा के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन का प्रमुख था.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स को रशीद ने बताया कि हम्ज़ा राबिया अल क़ायदा में बहुत महत्वपूर्ण पद पर था और हो सकता है कि संगठन में उसका नंबर तीन या पाँच हो.