बुधवार, 30 नवंबर, 2005 को 12:31 GMT तक के समाचार
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने आश्वासन दिया है कि वे शिवसेना का संकट दूर करने के प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा है कि अगर वे बुलाएँगे तो राज ठाकरे ज़रुर आएँगे.
इस बीच महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता रामदास कदम ने पार्टी विधायकों के साथ राज ठाकरे से मिलकर विवाद को सुलझाने की कोशिश की है.
उल्लेखनीय है कि रविवार को राज ठाकरे ने शिवसेना के सभी पदों से इस्तीफ़ा दे दिया था और उद्धव ठाकरे की खुली शिकायत करते हुए कहा था कि पिछले दस सालों से उनकी उपेक्षा हो रही है.
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के बेटे उद्धव ठाकरे और भतीजे राज ठाकरे के बीच उत्तराधिकार को लेकर खींचतान पुरानी है.
ठाकरे मनाएँगे
बाल ठाकरे रविवार के बाद से पार्टी नेताओं से बैठकें कर रहे हैं और मंगलवार की रात उन्होंने पार्टी विधायकों के साथ भी मुलाक़ात की थी.
पार्टी विधायकों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा है कि बाल ठाकरे ने कहा है कि उन्होंने राज ठाकरे को गोद में खिलाया है और अगर वे कहेंगे तो राज ठाकरे उनसे बात करने ज़रुर आएँगे.
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया है कि वे राज ठाकरे को कब बुलाने वाले हैं.
लेकिन बाल ठाकरे से मिलने के बाद विधायकों का दल बुधवार को रामदास कदम के नेतृत्व में राज ठाकरे से मिला.
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच खींचतान की वजह से शिवसेना में दरार की स्थिति बन गई है.