http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 30 नवंबर, 2005 को 14:21 GMT तक के समाचार

जमातुल मुजाहिदीन के सदस्यों की तलाश

बांग्लादेश में मंगलवार को हुए दो बम धमाकों के मामले में पुलिस ने एक इस्लामी चरमपंथी संगठन के सदस्यों की तलाश में एक बड़ा अभियान शुरु किया है.

इन बम धमाकों में नौ लोग मारे गए थे और 40 से अधिक घायल हुए थे.

पुलिस को संदेह है कि इन धमाकों के पीछे प्रतिबंधित संगठन जमातुल मुजाहिदीन का हाथ है.

बांग्लादेश में पिछले कुछ समय में धमाकों के बाद जमातुल मुजाहिदीन समेत तीन इस्लामी संगठनों पर प्रतिबंध लगाए गए थे.

महत्वपूर्ण है कि किसी भी संगठन ने औपचारिक तौर पर इन धमाकों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

गाज़ीपुर में हुए धमाके में एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर समेत पाँच लोग मारे गए, जबकि चटगाँव में बम धमाके में दो पुलिस वालों की मौत हुई और एक संदिग्ध हमलावर बुरी तरह घायल हो गया.

दो लोगों की अस्पताल में पहुँचने के बाद मृत्यु हुई.

धमाके न्यायालयों के पास हुए और अधिकारियों का मानना है कि न्यायालय और जजों को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे देश के क़ानूनों के प्रतीक हैं जिनमें से अधिकाँश धर्मनिरपेक्ष हैं.

जमातुल मुजाहिदीन बांग्लादेश में इस्लामी क़ानून स्थापित करना चाहता है.