शनिवार, 26 नवंबर, 2005 को 03:05 GMT तक के समाचार
तमिलनाडु में अचानक आई बाढ़ में शुक्रवार को दो यात्री बसों के बह जाने से मारे गए लोगों की संख्या 150 हो गई है.
तमिलनाडु में आई अचानक बाढ़ में एक बस तंजौर ज़िले बह गई, उसमें 80 यात्री सवार थे.
दूसरी बस रामनाथपुरम ज़िले में बह गई जिसमें 105 यात्री सवार थे.
स्थानीय अधिकारियों ने फ़ौरन राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया लेकिन लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से राहत कार्यों में बाधा आई है.
यह दुर्घटना तब हुई जब एक खचाखच भरी बस के ड्राइवर ने एक पुलिया को पार करते वक़्त संतुलन खो दिया और बस तेज़ पानी की धार में जा गिरी.
पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग बह गए होंगे और उनके जीवित होने की संभावना बहुत कम है.
इस वर्ष तमिलनाडु में औसत से काफ़ी अधिक बारिश हुई है, पिछले कुछ सप्ताह में तेज़ बारिश के कारण लगभग 100 लोग मारे जा चुके हैं और बड़ी मात्रा में फ़सलें तबाह हो गई हैं.
राज्य के कई इलाक़ों में अब भी तेज़ बारिश हो रही है जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.
बारिश से राज्य के लगभग 12 ज़िले प्रभावित हुए हैं. मुख्यमंत्री जयललिता ने सेना और तटरक्षक बल से राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए कहा है.