गुरुवार, 24 नवंबर, 2005 को 14:16 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के नीमरोज़ प्रांत में भारत के सीमा सड़क संगठन के जिस ड्राइवर मनियप्पन रामन कुट्टी की हत्या कर दी गई थी, उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
कुट्टी का शव गुरुवार को इंडियन एयरलाइंस की उड़ान से काबुल से दिल्ली लाया गया था.
इस दौरान हवाई अड्डे पर सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
कुट्टी के शव को दिल्ली स्थित सेना के अस्पताल में रखा गया और शुक्रवार को केरल स्थित उनके गांव चिंगोली ले जाया गया जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया गया.
शनिवार को कुट्टी और तीन अफ़ग़ान नागरिकों का अपहरण किया गया था. बाद में कुट्टी का शव अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत में सड़क के किनारे पड़ा पाया गया.
वे 300 अन्य भारतीय और ईरानियों के साथ अफ़ग़ानिस्तान में एक सड़क परियोजना में काम कर रहे थे.
भारत सरकार का दावा है कि सरकार ने अफ़ग़ानिस्तान प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए कुट्टी को रिहा करवाने की पूरी कोशिश की.
भारत सरकार ने इस घटना के लिए तालेबान को ज़िम्मेदार ठहराया है.
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से फ़ोन पर बात करके कुट्टी की हत्या पर अफ़सोस प्रकट किया.
करज़ई ने मनमोहन सिंह को आश्वस्त किया कि उनका देश भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा और बढ़ाएगा.