बुधवार, 23 नवंबर, 2005 को 16:05 GMT तक के समाचार
श्रीनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक शिविर पर हुए चरमपंथी हमले में सुरक्षा बल के तीन जवान और दो चरमपंथी मारे गए हैं.
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिरीक्षक रंजीत सिन्हा ने बीबीसी को बताया कि दो चरमपंथियों ने दोपहर में शिविर पर हमला किया जिसका सुरक्षा बलों ने जवाब दिया.
सिन्हा का कहना है कि यह मुठभेड़ कुछ देर चली जिसमें तीन सैनिक और दोनों हमलावरों की मौत हो गई.
मौके पर पहुँचकर पुलिस महानिरीक्षक एसआर ओझा ने पत्रकारों को बताया कि चरमपंथियों ने हथगोले फेंके और उसके बाद गोलीबारी करनी शुरु कर दी.
ओझा ने बताया कि पूरे इलाक़े की नाकेबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान चल रहा है.
किसी भी चरमपंथी संगठन ने अभी तक इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
उधर एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया है कि इस मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी में दो आम नागरिक भी घायल हो गए हैं.
पिछले कुछ दिनों में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से चरमपंथी हिंसा की घटनाओं में तेज़ी दिख रही है.