http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 23 नवंबर, 2005 को 09:07 GMT तक के समाचार

नीतीश के साथ भाजपा का उपमुख्यमंत्री

बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद एनडीए की ओर से नीतीश कुमार बुधवार की शाम राज्यपाल बूटा सिंह से मिलकर सरकार बनाने का दावा करने जा रहे हैं.

इससे पहले उन्होंने इन चर्चाओं की पुष्टि की है कि भाजपा का उपमुख्यमंत्री होगा. उन्होंने कहा है कि उनके साथ 12 से 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं.

बिहार विधानसभा चुनाव पर विशेष

पटना में बीबीसी संवाददाता मणिकांत ठाकुर का कहना है कि भाजपा विधायक दल की बैठक में लंबे समय तक नेता प्रतिपक्ष रहे सुशील कुमार मोदी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.

अनौपचारिक तौर पर भाजपा नेता वेंकैया नायडू ने बताया है कि मोदी ही उपमुख्यमंत्री होंगे लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री ख़ुद करेंगे.

उधर एनडीए गठबंधन के विधायक दल की बैठक होने जा रही है जिसमें नीतीश कुमार के नेता चुने जाने की संभावना है.

इसके बाद वे राज्यपाल को मिलकर सरकार बनाने के लिए दावा पेश करेंगे.

नीतीश कुमार और उनका मंत्रिमंडल गुरुवार को शपथ लेने वाला है.

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को आए चुनाव परिणामों में विधानसभा की 243 सीटों में से 143 सीटों पर जीत हासिल हुई है, जो सामान्य बहुमत से 21 सीट ज़्यादा है.

अकेले जनता दल (यूनाइटेड) ने 88 सीटें जीती हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी को 55 सीटें मिली हैं.

पंद्रह वर्षों से बिहार पर राज कर रहे लालू यादव के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को करारा झटका लगा है और आरजेडी के नेतृव वाले सेक्यूलर डेमोक्रेटिक फ़्रंट की करारी हार हुई है.

इस बीच बिहार विधानसभा की सभी सीटों के नतीजे आ जाने के बाद चुनाव आयोग ने राज्य में 14वें विधानसभा के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है. इससे सरकार के गठन का रास्ता साफ़ हो गया है.