सोमवार, 21 नवंबर, 2005 को 12:31 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने कट्टरपंथी छवि वाले नेता रत्नासिरी विक्रमनायके को देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया है.
समझा जाता है कि उनकी नियुक्ति से तमिल विद्रोहियों के प्रति सरकार का रवैया फिर कठोर हो जाएगा.
उनकी नियुक्ति का समाचार आते ही श्रीलंका के शेयर बाज़ार में हड़कंप मच गया और शेयरों के भाव नीचे चले गए.
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की तरह विक्रमनायके भी सिंहला राष्ट्रवादी माने जाते हैं.
कट्टर छवि
इससे पहले 73 वर्षीय रत्नासिरी विक्रमनायके पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगा के कार्यकाल में वर्ष 2000 से 2001 के बीच श्रीलंका के प्रधानमंत्री रह चुके हैं.
उन्होंने इसके पहले भी तमिल विद्रोहियों के संकट के हल के लिए सैनिक कार्रवाई का समर्थन किया था.
श्रीलंका के संविधान के अनुसार प्रधानमंत्री की भूमिका राष्ट्रपति की अपेक्षा बहुत सीमित होती है.
इससे पहले शनिवार को महिंदा राजपक्षे को श्रीलंका का राष्ट्रपति बनाया गया था. उन्होंने गुरूवार को हुए चुनाव में 50 प्रतिशत से अधिक मत हासिल कर विजय प्राप्त की थी.