शुक्रवार, 18 नवंबर, 2005 को 14:02 GMT तक के समाचार
भारत में कई राजनीतिक दलों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख केसी सुदर्शन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.
सुदर्शन ने गुरुवार को कहा था कि हिंदुओं को तीन से ज़्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए. इस बयान के बाद वे एक बार फिर से चर्चा में हैं और विवादों से घिर गए हैं.
उन्होंने हिंदू परिवारों को नसीहत देते हुए कहा था कि सामाजिक संतुलन को बनाए रखने के लिए हिंदुओं को कम से कम तीन बच्चे पैदा करने चाहिए.
सुदर्शन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "तीन से कम नहीं, इसके अलावा आप जितने ज़्यादा कर सको, उतना ही अच्छा है."
प्रतिक्रिया
सुदर्शन के इस बयान पर कई राजनीतिक दलों ने तीख़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सुदर्शन का यह बयान चिंता की बात है.
उन्होंने कहा, "इस देश में सुशासन और उन्नति की बात कैसे की जा सकती है, जबकि हमारे देश के विपक्ष की पार्टियों के लोग जनसंख्या को बड़े पैमाने पर बढ़ाने का सुझाव दे रहे हैं."
उधर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एबी बर्धन ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा कि इस तरह के बयानों पर क्या कहा जा सकता है.
बर्धन ने कहा, "मेरा तो कहना यह है कि पहले ख़ुद मिसाल पेश करो और बाद में औरों से कहो."
सुदर्शन भारतीय जनता पार्टी में आए राजनीतिक संकट के समय से ही अपने विवादित बयानों के चलते भी चर्चा में बने रहे.