शुक्रवार, 18 नवंबर, 2005 को 11:44 GMT तक के समाचार
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल में मामूली फेरबदल करते हुए जयपाल रेड्डी को सूचना प्रसारण की जगह शहरी विकास मंत्री बनाया है.
प्रियरंजन दासमुंशी अब नए सूचना-प्रसारण मंत्री होंगे, उन्हें संसदीय कार्यमंत्री का अतिरिक्त पदभार भी दिया गया है.
मंत्रिमंडल में बदलाव की मुख्य वजह ग़ुलाम नबी आज़ाद का जम्मू-कश्मीर का मुख्यमंत्री बनना है, वह संसदीय कार्य और शहरी विकास मंत्रालयों की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे.
इससे पहले प्रियरंजन दासमुंशी जल संसाधन मंत्री थे, अब उनके इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार भारी उद्योग मंत्री संतोष मोहन देब को दिया गया है.
केंद्र सरकार में अब तक कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री की हैसियत से काम कर रहे ऑस्कर फ़र्नांडिस अब खेल मंत्रालय का काम भी देखेंगे.
सुनील दत्त की मृत्यु के बाद से यह मंत्रालय ख़ाली था.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विदेश मंत्रालय और कोयला मंत्रालय की ज़िम्मेदारी किसी और को न सौंपते हुए दोनों ही विभाग अपने पास ही रखे है.
नटवर सिंह और शिबू सोरेन के इस्तीफ़ों की वजह से ये दोनों विभाग ख़ाली हैं.
मनमोहन सिंह ने केवल अपनी पार्टी के मंत्रियों के विभागों में ही फेरबदल किया है.
इसी के साथ तमाम दिनों से लगाई जा रही मनमोहन सिंह मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलों पर भी विराम लग गया है.
ग़ौरतलब है कि मंत्रिमंडल में कोई नया मंत्री शामिल नहीं किया गया है.